पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर धनपतगंज के मझवारा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त ट्रक।
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धनपतगंज के मझवारा गांव के पास बुधवार भोर चार बजे सड़क के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से दूसरा बेकाबू ट्रक टकरा गया। इस दुर्घटना में पीछे से आए ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी कूरेभार ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
उन्नाव जिले के परदा, हसनगंज निवासी अमन कुमार (25) मंगलवार देर रात ट्रक लेकर गाजीपुर से गोविंदगढ़, पंजाब जाने के लिए निकला था। वह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से जा रहा था। इसी बीच धनपतगंज के मझवारा गांव के पास बुधवार भोर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक में पीछे से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक अमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंची और घायल अमन को ट्रक से निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम चंद्र वर्मा ने बताया कि मझवारा गांव के पास टायर पंक्चर होने से एक ट्रक खड़ा था। उसमें पीछे से दूसरा ट्रक टकरा गया। दूसरे ट्रक के चालक को नींद आने से हादसा हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाने की व्यवस्था की जा रही है। धनपतगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मृतक के घर वालों को दुर्घटना की जानकारी दी गई है।