दूबेपुर (सुल्तानपुर)। बारिश के दौरान रविवार की रात कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। इसकी चपेट में आने से बिजली के तार व खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। सोमवार दोपहर बाद तक इन पेड़ों को हटाने का काम चलता रहा और इस बीच दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
लंभुआ वितरण खंड क्षेत्र के पकड़ी उपकेंद्र के भाईं फीडर की एचटी लाइन पर रविवार की रात करीब नौ बजे बीबीतारा (गौहानी) गांव में तालाब के पास सूखा पेड़ गिर गया। इससे फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। रात में खामी दूर नहीं की जा सकी। जंपर खोलकर घटनास्थल से आगे की लाइन काट दी गई। सोमवार सुबह पेड़ को काटकर तारों के ऊपर से हटाने का काम शुरू किया गया। उधर, गौहानी गांव में ही बारिश के समय एलटी लाइन पर पेड़ की एक बड़ी डाल गिरने से दो खंभे टूट गए। इन सब खामियों से करीब 16 घंटे तक भाईं, गौहानी, बहरौली, कतकौली, दलापुर व पीथापुर समेत कई गांवों की बिजली गुल रही।
अवर अभियंता प्रकाश यादव ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे भाईं फीडर की आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने का काम जारी है। वहीं, ट्रांसपोर्टनगर पावर हाउस से आपूर्ति वाले शहर के सौरमऊ मोहल्ले में एलटी लाइन पर महुआ का पेड़ गिरने से बंच केबल क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे सोमवार दोपहर करीब दो बजे तक आधे मोहल्ले की बिजली गुल रही। ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र के तकरीबन सभी फीडरों पर दिनभर ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। इसकी वजह से उमसभरी गर्मी में हजारों उपभोक्ताओं को विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
48 घंटे से सात गांवों की बिजली ठप
जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। बीरसिंहपुर उपकेंद्र से संचालित गांवों में शनिवार दोपहर हुई बारिश के बाद आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। काफी प्रयास के बाद सौ में से 93 गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी गई। हालापुर फीडर से संबंधित आनूपुर, सहावनसराय, हड़ई, महुआरी समेत सात गांवों की आपूर्ति करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद भी सोमवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी है। इससे करीब आठ हजार आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अधिशासी अभियंता संजय कुमार यादव ने बताया कि बारिश के दौरान कई जगह तार पर पेड़ की डाल गिरी थी। अधिकतर गांवों की आपूर्ति चालू कर दी गई है। जल्द ही सभी गांवों की आपूर्ति बहाल हो जाएगी।