सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज में इस समय मरीजों की भीड़ बढ़ी है। इलाज कराने आए मरीजों को सर्दियों में पसीने छूट रहे हैं। पंजीयन कराने से लेकर दवा लेने तक मरीज परेशान हो रहे हैं।
परिसर में बैठने की व्यवस्था नहीं होने से बुधवार को अस्पताल की सीढि़यों पर मरीज बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे, दोपहर एक बजे तक पंजीयन काउंटर पर 1502 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि करीब 800 पुराने मरीजों ने इलाज कराया।
..
दृश्य एक
ओपीडी से लेकर दवा लेने तक दिखी कतार
सुबह आठ बजे से परचा बनवाने के लिए काउंटर पर मरीजों की कतार लग गई। ओपीडी, जांच और फिर दवा लेने में मरीजों व तीमारदारों को कतार में लगना पड़ा। इलाज कराने आए रामानंद ने बताया कि बुखार का इलाज कराने सुबह 9:00 बजे आए, 12.30 बजे तक तीन जगह कतार लगानी पड़ी, तब जाकर दवा मिल पाई। बुखार के अलावा अब शरीर में भी दर्द होने लगा है।
..
दृश्य-दो
आसान नहीं अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन कराना
मेडिकल काॅलेज में अल्ट्रासाउंड के लिए बिरसिंहपुर100 बेड अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट को सोमवार और बुधवार के लिए संबद्ध किया गया है। इस सप्ताह सोमवार को अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका था। बुधवार को यहां पर भी मरीजों की भीड़ रही। मो. कैफ ने बताया कि एक सप्ताह इंतजार के बाद आज अल्ट्रासाउंड हुआ तो इलाज शुरू हो सका। कामतागंज की रेनू ने बताया उन्हें सीटी स्कैन कराना है, अब यहां से सवारी पकड़कर अमहट तीन किमी जाना पड़ेगा, हालत ठीक नहीं है।
दूर होगी समस्या
मरीजों की संख्या बढ़ने से थोड़ी समस्या हो रही है। भीड़ अधिक होने के बाद भी चिकित्सक सभी मरीजों को देखकर ही उठते हैं। अन्य समस्याएं भी जल्दी ही दूर कर ली जाएंगी।
डॉ. आरके मिश्रा, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज