पयागीपुर चौराहे के पास चल रहा हाईटेंशन लाइन का निर्माण कार्य। स्रोत- विभाग
दूबेपुर। ट्रांसपोर्टनगर बिजली उपकेंद्र की व्यवस्था मजबूत की जा रही है। मुख्य लाइन में खराबी आने पर बार-बार बाधित हो रही आपूर्ति से राहत मिलेगी। उपकेंद्र तक 33 केवी की नई वैकल्पिक इनकमिंग लाइन बिछाई जा रही है।
नई लाइन शुरू होने के बाद मुख्य लाइन फेल होने पर भी उपभोक्ताओं की बिजली गुल नहीं होगी। 35 एमवीए क्षमता वाले टीपीनगर उपकेंद्र से 10 फीडरों का संचालन होता है। इसे पयागीपुर स्थित 220 केवी पारेषण उपकेंद्र से आपूर्ति मिलती है। पुरानी लाइन में खराबी होने से बड़े इलाके की आपूर्ति प्रभावित होती थी। बिजली विभाग ने पयागीपुर चौराहे से पुलिस लाइन उपकेंद्र की 33 केवी लाइन को टीपीनगर उपकेंद्र से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके लिए नई हाईटेंशन लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। अवर अभियंता प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि नई वैकल्पिक लाइन से बिजली आपूर्ति अधिक भरोसेमंद होगी। मुख्य लाइन में किसी भी तरह की खराबी आने पर दूसरी लाइन से आपूर्ति जारी रहेगी। विभाग ने यह काम 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
नई लाइन से उपभोक्ताओं को लाभ
खराबी के दौरान भी बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। ट्रिपिंग और अघोषित कटौती में कमी आएगी। उपकेंद्र पर लोड का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। औद्योगिक और आवासीय इलाकों को स्थिर आपूर्ति मिलेगी। नारायणपुर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या भी कम होगी।