सुल्तानपुर। शहर के करौंदिया मोहल्ले में लगा 630 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार की रात अचानक धधक उठा। आग की लपटों ने एक घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची उठी लपटों से लोग दशहत में आ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने ब्रेक डाउन करवाकर आग पर काबू पाया। आग से विद्युत वितरण खंड को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इंजीनियरों की छानबीन में आग की वजह का पता नहीं चला है। करीब पांच हजार की आबादी को आपूर्ति देने के लिए लखनऊ से नया ट्रांसफार्मर मंगाकर शाम से सप्लाई शुरू करने की तैयारी है।
शहर के करौंदिया मोहल्ले में लगा 630 केवीए के ट्रांसफार्मर में रविवार की रात करीब 10 बजे अचानक आग पकड़ ली। जब तक लोग कुछ समझते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने बगल स्थित एक घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की दहशत से आसपास के मकानों में रह रहे लोग अपने घरों से निकल कर बाहर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वितरण खंड को देते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को बुला लिया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने ब्रेड डाउन करवाकर आग पर काबू पाया। जब तक फायर कर्मी आग पर काबू पाते तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल गया। हालांकि तुरंत फायर ब्रिगेड के पहुंचने से मकान में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। इंजीनियरों की मानें तो ट्रांसफार्मर में आग से वितरण खंड को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से करौंदिया एवं आसपास की पांच हजार आबादी की बिजली रविवार की रात से बाधित हो गई है। मौके पर पहुंचे इंजीनियरों ने स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए लखनऊ से नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर सोमवार की शाम तक आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है। एसडीओ एके सिंह ने बताया कि लखनऊ से ट्रांसफार्मर आ रहा है। शाम तक उसे ट्रॉली पर रखकर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। बताया कि आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने शार्ट सर्किट से आग की संभावना जताई है। बताया कि अभी छानबीन की जा रही है।