सुल्तानपुर। शहर के सुपर मार्केट में बुुधवार को अचानक एक ट्रांसफार्मर में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। विस्फोट में खौलता तेल पड़ने से पास से गुजर रही एक महिला व युवक झुलस गया। गंभीर हालत में महिला को चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया है।
बुधवार को दोपहर बाद सुपर मार्केट में दुकान के बगल रखे एक बड़े ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से विस्फोट हो गया। भीषण विस्फोट में ट्रांसफार्मर का खौलता तेज दूर तक जा गिरा। खौलते तेज की जद में बाथरूम से बाहर निकल रहे जितेंद्र कुमार निवासी धरमैतेपुर धम्मौर व पास से गुजर रही कोतवाली नगर क्षेत्र के मठा निवासी गोविंद की पत्नी मंजू (32) आ गईं। खौलते तेल से दोनों झुलस गए। आननफानन स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना विद्युत वितरण को देते हुए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सक ने गंभीर हालत को देखते हुए महिला को लखनऊ रेफर कर दिया है, जबकि जितेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। विस्फोट के बाद ट्रांसफार्मर में लगी आग से आसपास की दुकानों में भी आंशिक नुकसान हुआ है। थोड़ी देर में स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। अवर अभियंता डीएन प्रसाद ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से विस्फोट हुआ है।