सुल्तानपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में 52 मतदान कार्मिकों और 18 जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित कुल 70 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान वीडियो, पीपीटी और हैंडबुक के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, मतपेटी सील करने तथा अधिकारियों के दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने सभी कार्मिकों को निर्वाचन हैंडबुक का गहन अध्ययन कर जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में बताया गया कि पीठासीन अधिकारी मतपत्र के पीछे विशेष पहचान चिह्न लगाकर हस्ताक्षर करेंगे, जिसके बाद ही मतदाता को वोट डालने के लिए मतपत्र दिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रत्नप्रिया ने स्पष्ट किया कि मतदान अभिकर्ताओं से प्रारूप-10 पर हस्ताक्षर कराने के बाद ही पास जारी किए जाएंगे। वहीं, जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को हर दो घंटे में मतदान प्रतिशत की सूचना कंट्रोल रूम को भेजने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पांडेय, डॉ. जनार्दन राय और सुनील कुमार सिंह ने प्रशिक्षण की बारीकियां समझाईं।