सुल्तानपुर। टाटियानगर सेतु के मरम्मत कार्य की वजह से भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से शनिवार की रात भी शहर जाम से जूझता रहा। अभी यह सिलसिला सप्ताह भर चलने के आसार हैं। इधर, ओवर लोड वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त सड़क का लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य तकरीबन पूरा करा दिया है।
टाटियानगर सेतु की मरम्मत के लिए से टांडा-बांदा हाइवे के वाहनों को शहर की ओर मोड़ देने से रात को भीषण जाम लग रहा है। शनिवार को अमहट से बस स्टेशन मार्ग व पयागीपुर-गोलाघाट मार्ग पर ओवरलोड वाहनों का दबाव रात भर रहा। वाहनों से शहर की सड़क टूट जा रही है। इसके साथ ही शहर के दोनों प्रमुख मार्गों पर जाम लग रहा है। शनिवार की रात दोनों मार्गों पर लगे जाम को खुलवाने में पुलिस का पसीना छूट गया। इसमें यात्री वाहनों पर सवार लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
इधर, भारी वाहनों के संचालन से पयागीपुर-गोलाघाट मार्ग पर दो जगह क्षतिग्रस्त हुई सड़क का लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने तकरीबन मरम्मत कार्य पूरा करा दिया। मार्ग पर गिट्टी भर कर कुटाई करा दी गई है। इसे वाहनों के आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इंजीनियरों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन को देखते हुए नजर रखी जा रही हैै। टाटियानगर सेतु का मरम्मत कार्य रविवार को भी जारी रहा।