भदैंया। लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर स्थित पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के डाउन ट्रैक के स्लीपर बदलने के लिए सोमवार को तीन घंटे का ब्लॉक लिया गया। रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क मार्ग से आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस तैनात रही।
रेलवे ने सुबह 12:15 बजे से अपराह्न 3:15 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक घोषित किया था। इस अवधि में पुराने हाईवे पर आवागमन को डायवर्ट किया गया था। क्रॉसिंग के पास पुलिस तैनात रही। इस ब्लॉक की जानकारी न होने के कारण कई लोग क्रॉसिंग पर पहुंचे और उन्हें लौटना पड़ा।
इस कार्य के दौरान ट्रेनों का संचालन सावधानी (कॉशन) पर जारी रहा, लेकिन सड़क मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद रहा। एसएसई (सीनियर सेक्शन इंजीनियर) एल ब्राइक ने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद क्रॉसिंग पर आवागमन बहाल कर दिया गया।