मेडिकल कॉलेज में जाम में फंसे मरीज।
सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज परिसर के नए भवन में इलाज शुरू हो चुका है। यहां आएदिन लगने वाले जाम से अस्पताल उबर नहीं पाया है। यातायात व्यवस्था में लगे गार्ड भी बढ़ती भीड़ के आगे बेबस दिख रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में आने वा जाने के लिए वैसे तो मरीजों के लिए दो द्वार खोले गए हैं। मुख्य द्वार व्यस्ततम सब्जी मंडी की ओर और दूसरा द्वार रुद्र नगर की ओर खोला गया है।अधिकांश मरीज मुख्य द्वार से ही आते व जाते हैं। इसी रास्ते से एंबुलेंस भी आती है। इसके अलावा चार पहिया वाहन से इलाज के लिए आने वाले मरीजों के वाहन भी इसी रास्ते में खड़े रहते हैं।
पुराने भवन के पास खड़े बेतरतीब वाहन व मरीजों की भीड़ से मंगलवार को इमरजेंसी से लेकर नए भवन तक जाम लगा रहा। स्ट्रेचर पर ले जा रहे मरीज धूप व गर्मी से बेहाल रहे। तैनात सुरक्षाकर्मी भी जाम को खाली कराने में पसीने से तरबतर हो गए।
कार्ययोजना बनाई जा रही
अस्पताल परिसर में जाम न लगे, इसके लिए गार्डों की तैनाती की गई है। कभी-कभी वाहनों व एंबुलेंस की आवाजाही से भीड़ लग जाती है। जाम से निजात दिलाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।-डॉ.सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज