कूरेभार। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। हादसे में बिहार के सहरसा निवासी मजदूर अजय कुमार (25) की मौत हो गई। दुर्घटना में ट्राॅली में सवार करीब 20 में से 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 11 घायलों को कूरेभार सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां से छह लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया।
यूपीडा कर्मियों के मुताबिक दुर्घटना मंगलवार भोर करीब पांच बजे हुई है। दुर्घटना में सकुशल बचे सहरसा के मजदूर सोमदेव शर्मा और टुनटुन कुमार यादव के मुताबिक, लखनऊ से ट्रैक्टर-ट्राॅली से 20 से 22 मजदूर गाजीपुर जाने के लिए निकले थे। वहां से सभी मजदूर दूसरे वाहनों से गंतव्य को रवाना होने वाले थे। सभी मजदूर बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले हैं। वे सभी दिल्ली से बिहार के सहरसा में छठ मनाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में कूरेभार के जूड़ापट्टी गांव के पास पहुंचते ही अचानक तेज रफ्तार ट्रक पीछे से ट्रैक्टर की ट्राॅली से टकरा गया।
ट्रैक्टर-ट्राॅली एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर पलट गई। हादसे में सहरसा के अजय कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान ट्राॅली पर सवार नवीन कुमार (18), राजीव कुमार (22), शिवम (33), पवन (33), सिद्धार्थ (01), बादल (16), रवींद्र (26), सुशील (32), बालकृष्ण (36), दिलकुश (22), मिथिलेश (36), सदल (18) घायल हो गए। कुछ अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी कूरेभार से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां से नवीन, शिवम, बादल, रवींद्र, सुशील व बालकृष्ण को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लिया है। दुर्घटना में सकुशल बचे लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। तहसीलदार सदर अभिनव सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।