भदैंया। भुलकी-दोमुहा मार्ग पर सोनबरसा गांव के पास बुधवार सुबह करीब 07:30 बजे अयोध्या से वाराणसी जा रही गुजरात के श्रद्धालुओं से भरी बस आगे जा रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 50 श्रद्धालुओं में 12 गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, छह लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित भाग निकला।
दुर्घटना में गुजरात के वापी हिसारिया निवासी रोमा देवी (60) के सिर में गंभीर चोट लगी। उनके साथ यात्रा कर रहे योगेश (23) की एक अंगुली कट गई। उनके साथ ही मौजूद वापी हिसारिया निवासी हीरा भाई (35), यशोदा (65), आभा बेन (54), मोनी (23), राधिका (43), सरस्वती बेन (54), हीरा बाई (45), सुशीला बेन (54), रिंकी (16), शांभवी (23), विजय भाई (34), सोमेन शाह (45) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से सीएचसी भदैंया पहुंचाया गया। वहां पर घायलों का चिकित्सक डॉ. अवनीश कांत तिवारी, फार्मासिस्ट बृजेश पांडेय ने इलाज किया।
यात्रियों ने बताया कि दो बसों से 90 लोग गुजरात से अयोध्या गए थे। अयोध्या से दर्शन करने के बाद सभी बुधवार भोर में वाराणसी जाने के लिए निकले थे। एक बस उनके पीछे आ रही थी। लोहरामऊ के पास ओवर ब्रिज पर आवागमन बंद होने से रूट डायवर्जन कर दिया गया था। इस वजह से भुलकी मार्ग से दोमुहा होते हुए बस वाराणसी जा रही थी। रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि घायलों का इलाज कराया गया। क्षतिग्रस्त बस को बनवाने के बाद चालक यात्रियों को लेकर वाराणसी चला गया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बिहार जा रही रोडवेज बस के चालक की मौत
दोस्तपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पसियापारा गांव के पास बुधवार सुबह करीब आठ बजे गुरुग्राम से बिहार के मधुबनी जा रही रोडवेज बस पर सवार चालक जितेंद्र (43) निवासी सिवाना, झाझर, हरियाणा की मौत हो गई। रोडवेज बस को चला रहे चालक दीवान, निवासी गिदरा, झाझर हरियाणा ने बताया कि बस बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की है। यह बस गुरुग्राम से मधुबनी बिहार जाती है। बस पर दो चालक रहते हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से सभी बिहार जा रहे थे। बस दीवान चला रहे थे, जबकि जितेंद्र उनकी बगल की सीट पर बैठे थे। दोस्तपुर के पसियापारा गांव के पास पहुंचते ही जितेंद्र बेहोश हो गए। इसके बाद बस को रोकना पड़ा। यूपीडा कर्मियों की मदद से एंबुलेंस से जितेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बस पर सवार एक व्यक्ति के साथ प्राइवेट एंबुलेंस से शव को हरियाणा भेजा गया। इसके बाद यात्रियों को लेकर बस बिहार भेजी गई। दोस्तपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि बस चालक की मौत की जानकारी नहीं है।
इनसेट-
सड़क दुर्घटना में घायल वृद्ध और महिला की मौत
अलीगंज/चांदा। दाउदपुर निवासी महेश चंद्र जायसवाल (70) की अयोध्या के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार शाम मौत हो गई। उनके पुत्र नितिन जायसवाल ने बताया कि बीते 21 अक्तूबर की शाम उनके पिता महेश चंद्र घर से साइकिल से अलीगंज बाजार जाने के लिए निकले थे।
तभी उन्हें पिकअप ने टक्कर मार दी थी। बंधुआकला थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, चांदा के सोनावा गांव के निकट मरकहवा पुल के पास मंगलवार देर शाम कार की चपेट में आने से घायल कलावती (60) निवासी शोधनपुर, करौंदीकला की मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। चांदा थानाध्यक्ष दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
कार की चपेट में आने से बुजुर्ग घायल
सुल्तानपुर। बंधुआकला के हुसैनगंज निवासी सलीम (60) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घर से पैदल बाहर निकले। हाईवे पर सड़क पार करते समय अचानक उन्हें एक कार ने टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर से उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद कार चालक भाग निकला। (संवाद)
इहाईवे पर पलटी शराब लदी पिकअप, बचा ढाबा संचालक
जयसिंहपुर। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरौंसा कस्बे के पास आबकारी विभाग की पिकअप बुधवार भोर चार बजे अनियंत्रित होकर एक ढाबे के सामने पलट गई। वाहन में 300 पेटी अंग्रेजी शराब की बोतलें नष्ट हो गईं, इसकी कीमत करीब 12.35 लाख रुपये बताई जा रही है।
आबकारी निरीक्षक जयसिंहपुर संजय उपाध्याय ने बताया कि पिकअप लखनऊ से बलिया जा रही थी। जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहन को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।