सुल्तानपुर। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर व्यावसायिक वाहनों का आवागमन महंगा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल प्लाजा पर लगने वाले टैक्स को बढ़ा दिया है।
व्यावसायिक वाहनों का टोल टैक्स पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक बढ़ गया है। कार से एक दिन में लखनऊ आने-जाने वालों को पांच रुपये अधिक टैक्स देना होगा। एनएचएआई के आदेश पर बढ़ी हुई दरें बृहस्पतिवार से लागू कर दी गई हैं।
जिले की सीमा में दो टोल प्लाजा स्थित हैं। एक सुल्तानपुर-लखनऊ और दूसरा टांडा-बांदा हाईवे पर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर असरोगा में बने टोल प्लाजा पर टैक्स की दर में संशोधन कर दिया है।
इससे कार से लेकर व्यावसायिक वाहनों की दरें बढ़ गई हैं। यह बढ़ोतरी पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की गई है। एनएचएआई ने बृहस्पतिवार से नई दरों को लागू भी कर दिया है। नई दर लागू होने से कार से लखनऊ का सफर महंगा हो गया है।
हालांकि कार से एक तरफ की लखनऊ यात्रा करने पर पुरानी दर से ही टैक्स का भुगतान करना होगा लेकिन उसी दिन वापसी में पांच रुपये अधिक टैक्स देना होगा। इसी तरह छोटे व बड़े व्यावसायिक वाहनों के टैक्स में भी बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने से खासकर कार से प्रतिदिन लखनऊ आने-जाने वालों के ऊपर टैक्स की मार पड़ी है।
सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे के परियोजना प्रबंधक एनएन गिरी ने बताया कि बढ़ी दरें बृहस्पतिवार से लागू कर दी गई हैं। नई दर के हिसाब से अब टोल प्लाजा पर टैक्स लिया जा रहा है।
बॉक्स
वाहन पुरानी दर नई दर
कार 90 रुपये 90 रुपये
व्यावसायिक (हल्के) 145 रुपये 150 रुपये
बस व ट्रक 300 रुपये 310 रुपये
थ्री एक्सेल व्यावसायिक 330 रुपये 340 रुपये
फोर से सिक्स एक्सेल 475 रुपये 490 रुपये
ओवरसाइज व्यावसायिक 575 रुपये 595 रुपये