अमेठी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक दिवसीय दौरे पर आज अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचेंगी। वह चार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता की ओर से जारी कार्यक्रम को आधार मानें तो स्मृति सुबह करीब साढ़े नौ बजे फुरसतगंज सीएचसी में रोगी आश्रय स्थल का लोकार्पण करेंगी।
इसके बाद वे साढ़े 10 बजे गौरीगंज शहर क्षेत्र के असैदापुर में निर्मित रैन बसेरा व 11 बजे संयुक्त जिला चिकित्सालय में अटल संसदीय स्वास्थ्य मेला का शुभारंभ करेंगी। केंद्रीय मंत्री दोपहर 12 बजे शाहगढ़ में किसान सेवा केंद्र व एक बजे सीएचसी मुसाफिरखाना में बने रोगी आश्रय स्थल का उद्घाटन करेंगी।
मंत्री दो बजे अमेठी पहुंचेंगी और राजेश मसाला फैक्ट्री परिसर में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। तीन बजे वे अमेठी के मुंशीगंज रोड पर एनआईओएस सेंटर परिसर में स्किल डेवलपमेंट सेंटर का शुभारंभ करने के बाद पौने चार बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।