पंचायत मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन शुक्रवार को होगा। प्रकाशन के लिए सूची ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है। प्रकाशन के लिए सभी ग्राम पंचायतों मं बीएलओ को लगाया गया है। बूथों पर निरीक्षण के लिए मतदाता सूची तीन दिन उपलब्ध रहेगी।
बड़ी झंझावतों के बीच तैयार पंचायत की अनंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित करने के लिए गुुरुवार को ग्राम पंचायतों, ब्लॉकों एवं तहसीलों को भेज दी गई। सूची के प्रकाशन के लिए सभी बूथों पर बीएलओ को लगा दिया गया है। ब्लॉकों पर खंड विकास अधिकारियों एवं तहसीलों में उप जिला मजिस्ट्रेटों को सूची प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिला मजिस्ट्रेट कृष्णलाल तिवारी ने बताया कि बूथों, ब्लॉकों एवं तहसीलों में तीन दिन तक मतदाता सूची का निशुल्क निरीक्षण किया जा सकेगा। मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर निर्धारित तिथि तक ब्लॉकों एवं तहसीलों, अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में 20 अगस्त तक आपत्ति दाखिल की जा सकेगी।