सुल्तानपुर। केएनआई पीएसएस के भूगोल विभाग में बुधवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्र संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए असिस्टेंट प्रो. डॉ. सुधांशु प्रताप सिंह ने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस की इस वर्ष की थीम हमें भोजन चाहिए, तंबाकू नहीं... रखी गई है। यह भोजन के महत्व एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि हमें तंबाकू जैसे विषैले पदार्थों को त्यागना ही होगा। आज दुनिया में कैंसर का सबसे बड़ा कारण यही तंबाकू ही है। असिस्टेंट प्रो. डॉ. आरपी मिश्र ने कहा कि तंबाकू से हमारी युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। तंबाकू के दुष्परिणामों को लोगों के सामने लाना ही होगा।
संगोष्ठी में बीए द्वितीय व चतुर्थ वर्ष और एमए द्वितीय वर्ष भूगोल विषय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थी सोनू गौतम, श्वेता वर्मा, मधु तिवारी, निशा बानों व राखी आदि ने तंबाकू सेवन से मानव व समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि गांव हो या नगर, हर तरफ तंबाकू की समस्या से लोग परेशान हैं। हमें इसके लिए गरीबों एवं निरक्षरों को जागरूक करने की आवश्यकता है। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह डॉ. नम्रता वर्मा व असिस्टेंट प्रो. अतुल कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।