सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण सूची जारी करने को लेकर मंगलवार दिन भर उहापोह की स्थिति बनी रही। सूची को लेकर देर शाम तक अनुमोदन पर मंथन चलता रहा। इसके बाद भी सूची जारी नहीं हो सकी। सूची की जानकारी के लिए विकास भवन के आसपास दिन भर दावेदारों का जमावड़ा रहा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वार्डों व पंचायतों की प्रस्तावित आरक्षण सूची जारी करने का निर्देश शासन ने दो व तीन मार्च को दिया है। शासन के निर्देश के क्रम में मंगलवार को पहले दिन आरक्षण सूची जारी नहीं हो सकी।
सूची को अंतिम रूप देने के लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति के सदस्यों व डीएम का सोमवार की देर शाम तक प्रस्तावित सूची पर हस्ताक्षर नहीं हो सका। हालांकि पंचायतराज विभाग की ओर से तैयार सूची डीएम व सीडीओ के निरीक्षण में सही पाई गई।
सूची के साथ डीएम ने नोटशीट बनाने का निर्देश दिया था। मंगलवार देर शाम तक प्रस्तावित आरक्षण सूची पर अनुमोदन को लेकर मंथन चला। डीएम के निर्देश पर सुबह से विकास भवन में जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती व अपर मुख्य अधिकारी उदयशंकर सिंह ने सूची तैयार करने में लगे रहे।
विकास भवन में दोनों अधिकारियों की मौजूदगी से दिनभर गहमागहमी रही। विकास भवन व आसपास लोगों का देर शाम तक जमावड़ा लगा रहा। दावेदार अपनी ग्राम पंचायत, वार्ड की स्थिति जानने के लिए बेचैन रहे। इस बीच सूची को लेकर अफवाहें भी उड़ती रहीं। दिन भर अफवाहों के बीच शाम तक सूची को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही।
प्रस्तावित आरक्षण सूची के साथ नोटशीट बनाने का निर्देश डीपीआरओ को दिया गया है। नोटशीट रहने से दावा व आपत्ति में आसानी होगी।
- रवीश गुप्ता, डीएम