सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। जयसिंहपुर के टांडा-बांदा हाईवे पर हालापुर गांव के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हालापुर तिवारी का पुरवा निवासी अनुराग (16), अश्वनी (13) और लकी शर्मा (13) शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे गांव के पास स्थित बाग में आम तोड़ने गए थे। आम लेने के बाद तीनों सड़क पार कर घर लौट रहे थे। तभी अंबेडकरनगर से जा रहे डंपर ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना में अनुराग, अश्वनी व लकी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद चालक डंपर सहित भाग निकला। ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहन से अंबेडकरनगर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने लकी शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनुराग और अश्वनी को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जयसिंहपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
इनसेट-
छोटे बेटे की मौत से सदमे में परिवार
सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। हालापुर तिवारी का पुरवा निवासी चंद्रभान शर्मा किसान हैं। उनकी तीन संतानें थी, सबसे बड़ी पुुत्री जूही शर्मा है। दूसरे नंबर पर किशन शर्मा व सबसे छोटा लकी शर्मा था। लकी की मौत से माता सीमा देवी व अन्य परिजन सदमे में हैं। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
एसयूवी और मिनी ट्रक की भिड़ंत में दो जख्मी
प्रतापगंज (सुल्तानपुर)। प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतापगंज बाजार के पास शुक्रवार रात मिनी ट्रक व एसयूवी की भिड़ंत में दोनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। कंधईपुर निवासी अविनाश प्रताप सिंह शुक्रवार रात लगभग 11.30 बजे एसयूवी से सुल्तानपुर जा रहे थे।
रास्ते में एसयूवी सामने जा रहे मिनी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक भी पटरी से नीचे उतर गया। दुर्घटना में अविनाश प्रताप सिंह व ट्रक चालक प्रयागराज निवासी वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी प्रभारी प्रतापगंज प्रदीप यादव ने बताया कि दोनों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।