तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच मुख्य लाइन में फॉल्ट आने से सोमवार की रात ग्रामीण क्षेत्र के तीन विद्युत उपकेंद्र बंद हो गए। फरीदीपुर, कूरेभार व धनपतगंज उपकेंद्र बंद होने से डेढ़ लाख आबादी सोमवार की रात से ही अंधेरे में है। मंगलवार की शाम तक फॉल्ट नहीं मिलने से आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो सकी है।
रविवार की रात से शुरू बारिश के बीच सीलन से 33 हजार वोल्ट की लाइन में फॉल्ट आ गई है। फॉल्ट से ग्रामीण क्षेत्र को फरीदीपुर, कूरेभार व धनपतगंज उपकेंद्र सोमवार की रात करीब आठ बजे से ही बंद हो गया है। तीनों सब स्टेशन बंद होने की सूचना रात में मिलते ही इंजीनियर परेशान हो गए। बारिश की वजह से रात में फॉल्ट नहीं ढूंढी जा सकी। मंगलवार की सुबह से शाम तक बारिश जारी रहने से अभी तक फॉल्ट नहीं ढूंढा जा सका है।
मुख्य लाइन दुरुस्त नहीं होने से तीनों उपकेंद्रों से जुड़ी करीब डेढ लाख आबादी सोमवार की रात आठ बजे से अंधेरे में है। इधर, बािरिश के दौरान पंजाबी कॉलोनी के पास तार गिरने एवं 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने से दरियापुर उपकेंद्र का एक फीडर बंद रहा। दोपहर बाद दरियापुर उपकेंद्र की आपूर्ति बहाल कर दी गई। शहर एसडीओ केशरी प्रसाद ने बताया कि शहर की आपूर्ति दुरुस्त कर ली गई है। ग्रामीण क्षेत्र की खराबी का फॉल्ट खोजा जा रहा है। बारिश की वजह से दिक्कत आ रही है।