नोएडा में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मेले की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। इसमें सुल्तानपुर जिले की तीन महिला उद्यमी व एक एमएसएमई उद्यमी ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। इससे स्थानीय उत्पादों का प्रचार और बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
सुल्तानपुर। नोएडा में लगे पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मेले की शुरुआत बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दी। पांच दिनों तक चलने वाले मेले में जिले के तीन स्टॉल लगे हैं। जिसमें तीन महिलाएं और एक एमएसएमई उद्यमी अपने सामानों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
विज्ञापन
शासन के निर्देश पर अंतरराष्ट्रीय मेले के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से स्वयं सहायता समूह की दो महिलाओं दूबेपुर के खेतकुरी मनभवना निवासी सुमन पांडेय व सरिता का चयन किया गया। सरिता व सुमन की ओर से विभिन्न प्रकार के अचार व अन्य सामग्री बनाई जाती है।
उद्योग विभाग से मायंग निवासी ऊषा सिंह और कुड़वार के कोटिया निवासी महमूद अहमद का चयन किया गया था। ऊषा सिंह मूंज उत्पाद और महमूद अहमद चमड़े के बैग बनाने के लिए जाने जाते हैं। चयन के बाद चारों लोगों ने नोएडा के अंतरराष्ट्रीय मेले में अपना स्टॉल लगाया है।
विज्ञापन
जिला मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि सुमन व सरिता ने मिलकर अचार का एक स्टॉल लगाया है। महमूद अहमद का चमड़े के बैग व ऊषा सिंह का मूंज उत्पाद का स्टॉल लगा है। मेले में कई देशों के स्टॉल लगे हैं। सामानों की बिक्री से स्टॉल लगाने वाले लोगों का फायदा होगा, और उनके सामानों का प्रचार भी होगा।
इनसेट
मेले में सीख लेने जाएंंगे उपायुक्त
महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मेले में विभिन्न देशों व प्रदेशों के लगे स्टॉलों को देखने और सीख लेने के लिए एनआरएलएम उपायुक्त व जिला मिशन प्रबंधक नोएडा जाएंगे। दूसरे देशों व प्रदेशों के बने सामानों को देखकर उसकी जानकारी लेंगे। अपने जिले में उसकी संभावना मिलने पर समूह की महिलाओं को जानकारी देते हुए शुरू कराएंगे। एनआरएलएम के उपायुक्त केडी गोस्वामी ने बताया कि 28 सितंबर तक मेले का भ्रमण करेंगे। नई जानकारियां मिलने पर उसकी रिपोर्ट शासन को दी जाएगी।