सुल्तानपुर। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान (स्वायत्तशासी) को नए सत्र में तीन नए कोर्स चलाने की मान्यता मिल गई है। प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कॉलेज को स्नातक स्तर पर बीसीए और बी. लिब की मान्यता मिली है।
परास्नातक स्तर पर एमएससी कृषि में एनिमल हसबेंडरी एंड डेयरी की मान्यता मिली है। बीसीए व बी.लिब में 60-60 सीट व एनिमल हसबेंडरी एंड डेयरी में 36 सीट मिली है। प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। उन्होंने बताया कि जिले में नैक व एनबीए से ग्रेडिंग वाले कॉलेज में केएनआई ही एक मात्र संस्थान है। अब सरकार उन्हीं कॉलेजाें के छात्रों को छात्रवृत्ति प्रतिपूर्ति देगी, जो नैक ग्रेडिंग से युक्त होंगे।-संवाद