कादीपुर (सुल्तानपुर)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में चाचा-भतीजा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर केस दर्ज किया है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्देमऊ नूरपुर गांव निवासी महेंद्र निषाद (32) पुत्र कन्हई निषाद रविवार की रात अपने भतीजे अरुण निषाद (18) पुत्र वंशराज निषाद के साथ बाइक से रिश्तेदारी में शाहपुर गांव जा रहे थे। चाचा-भतीजा क्षेत्र के कादीपुर खुर्द गांव के पास पहुंचे थे। तभी किसी वाहन ने उन्हें रौंद दिया। इस हादसे में घायल दोनों को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महेंद्र और अरुण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवारीजन दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी दुर्घटना सोमवार की सुबह कादीपुर कस्बे में हुई। बाइक सवार अलीमुद्दीन (55) पुत्र वैतुल्लाह निवासी खंडौरा कोतवाली कादीपुर को रोडवेज की एक बस ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल अलीमुद्दीन को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के परिवारीजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया है।