सुल्तानपुर। जिले में लगभग एक साल बाद फिर से कोरोना के मामले सामने आए हैं। एक साथ तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक मरीज पहले से ही लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती है जबकि दो मरीजों को उनके घर पर क्वारंटीन किया गया है।
दोस्तपुर, कुड़वार व दूबेपुर क्षेत्र में कोरोना के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को कोरोना संबंधित उपकरणों की जांच की गई थी। इसी बीच बुधवार को आई रिपोर्ट में तीन मामलों की पुष्टि हो गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन राय ने बताया कि दोस्तपुर निवासी एक मरीज आठ दिनों से केजीएमयू में भर्ती है, जब उसकी कोरोना की जांच की गई तो वह संक्रमित पाया गया।
उन्होंने बताया कि इसी तरह कुड़वार निवासी व्यक्ति के बेटे के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उसे दिखाने के लिए वह अमेठी अस्पताल गया था। वहां बेटे के साथ पिता की भी कोरोना जांच की गई। पिता कोरोना संक्रमित मिला है।
इसी तरह दूबेपुर निवासी बच्चे की आंख में शिकायत थी। उसकी जांच के लिए वह राममनोहर लोहिया अस्पताल लखनऊ गया था। वहां सैंपलिंग के बाद अब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। तीनों को क्वारंटीन करने के बाद उनके संपर्क में आए परिजनों की भी सैंपलिंग की गई है।
सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि घबराने के बजाय लोग भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। मास्क व सेनिटाइजर का नियमित प्रयोग करते रहें। सावधानी अपनाकर ही कोरोना से सुरक्षा हो सकती है।