धम्मौर (सुल्तानपुर)। ई-रिक्शा व खड़े वाहनों से बैटरी की चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धम्मौर थाने की पुलिस ने तीनों के पास से चोरी की 24 बैटरियां व नकदी बरामद की। साथ ही आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त की जाने वाली कार भी पकड़ी है। कार पर पुलिस लिखा हुआ है।
बुधवार को महेश्वरगंज पुलिस बूथ क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान के दौरान धम्मौर थाने की पुलिस ने बनकेपुर की ओर आ रही कार को मुखबिर की सूचना पर रोक लिया। कार के शीशे पर पुलिस लिखा था। कार रोकने के बाद पुलिस ने उस पर सवार लोगों को नीचे उतारा।
तलाशी लेने पर कार में ई-रिक्शा, अन्य गाड़ी व इन्वर्टर की चोरी की गई 24 बैटरियां व 19 हजार नकद मिले हैं। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त कोतवाली नगर अंतर्गत गोरबारिक निवासी हरि प्रसाद, बंधुआकला थाना के मनियारपुर निवासी अजीत व कोतवाली नगर के ताजखानपुर गांव निवासी अशफाक के रूप में हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों को जेल भेज दिया।
धम्मौर थाने के प्रभारी निरीक्षक तरुण कुमार पटेल ने बताया कि आरोपियों ने सड़क के किनारे व लावारिस स्थानों पर खड़े वाहनों से बैटरी चुराने की वारदात को स्वीकार किया है। चोरी की बैटरी को ले जाकर सस्ते दामों में बेच देते हैं।
आरोपियों ने बताया कि वे जिले के धम्मौर सहित कोतवाली देहात, कोतवालीनगर, हलियापुर, कुड़वार व करौंदीकला थाने के कई बाजारों, कस्बों में बैटरी चोरी समेत अन्य कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।