लंभुआ के धरियामऊ गांव में गिरा मकान के लिंटर का मलबा
लंभुआ। धरियामऊ गांव में सोमवार रात निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से मलबे में दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई। सभी स्थानीय अर्जुनपुर गांव के रहने वाले थे। इनमें दो सगे भाई थे। मेडिकल कॉलेज में सकरा बाजार निवासी रवि सरोज व अफसर अली का इलाज चल रहा है। सुभाष व अरुण को मंगलवार सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया।
धरियामऊ निवासी मनोज मुंबई में रहते हैं। उन्होंने मकान के लिंटर का ठेका सूर्यभानपट्टी निवासी अरुण चौहान (सूरज) को दिया है। 60 हजार रुपये में काम तय था। सोमवार दोपहर दो बजे काम शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लिफ्ट मशीन ऑपरेटर व लिंटर ढालने वाले मजदूरों की संख्या करीब 15 थी। रात करीब आठ बजे अचानक निर्माणस्थल से जोरदार आवाज के साथ लिंटर भरभराकर गिर पड़ा।
मलबे में सात मजदूर दब गए। मौके पर पहुंचे डीएम-एसपी ने स्थानीय जेसीबी की मदद से राहत कार्य शुरू कराया। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ टीम भी पहुंच गई। बड़ी मुश्किल से प्रतापगढ़ के कंधई निवासी रवि सरोज (26), अफसर अली (46), धरियामऊ (लंभुआ) निवासी सुभाष (36) व सूर्यभानपट्टी (लंभुआ) निवासी अरुण उर्फ सूरज (25) को लंभुआ सीएचसी भेजा गया, जहां से रवि, अफसर अली व अरुण को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया।
अयोध्या से पहुंची एसडीआरएफ ने मलबा हटाकर रात करीब 1:30 बजे दो लोगों के शव निकाले। करीब 2:30 बजे तीसरा शव निकाला गया। डीएम कुमार हर्ष ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त लंभुआ कोतवाली के अर्जुनपुर निवासी सगे भाई आनंद सरोज (21), विक्रम सरोज (20) और तीसरे की पहचान हिमांशु सरोज (21) के रूप में हुई। राहत व बचाव कार्य सात घंटे चला, जिसमें चार लोगों को बचा लिया गया।