सुल्तानपुर। मौसम में बदलाव के बाद विद्युत निगम ने तहसीलों, नगर पंचायतों व ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति के रोस्टर में बदलाव किया है। तहसीलों व नगर पंचायतों में सुबह-शाम दो बार की कटौती के बाद भी 21:30 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी।
तहसीलों व नगर पंचायत में दो शिफ्ट में ढाई-ढाई घंटे की बिजली कटौती पुराने रोस्टर के हिसाब से ही लागू रहेगी। विद्युत नियंत्रण प्रणाली से रोस्टर जारी होने के बाद विद्युत वितरण निगम ने इसे प्रभावी कर दिया है। नया रोस्टर 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
विद्युत ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता रवि यादव ने बताया कि तहसील मुख्यालय स्थित नगर पंचायत में तहसील के रोस्टर के हिसाब से ढाई घंटे की कटौती की जाएगी। तहसील मुख्यालय से दूर नगर पंचायत में नगर पंचायतों के लिए जारी रोस्टर के हिसाब से बिजली कटौती की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी बिजली आपूर्ति का नया रोस्टर जारी हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और शाम दो बार में छह घंटे की पूर्व के रोस्टर के मुताबिक कटौती की जाएगी। नए रोस्टर में कटौती के समय में सिर्फ परिवर्तन किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र को पूर्व की तरह 18 घंटे बिजली आपूर्ति जाएगी। जिले के आधे ग्रामीण क्षेत्रों में एक शिफ्ट और आधे ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरी शिफ्ट में बिजली कटौती की जाएगी। दोनों शिफ्ट का अलग-अलग रोस्टर कटौती का जारी हुआ है।
नया कटौती का रोस्टर
तहसील - सुबह 6.10-7.10
शाम - 3.00- 4.30
नगर पंचायत की कटौती का समय
सुबह - 6.00- 7.30
शाम - 4.15- 5.15
ग्रामीण क्षेत्र का दो रोस्टर
प्रथम - सुबह 5.30- 9.00
शाम - 1.30- 4.00
द्वितीय शिफ्ट सुबह 9.00- 12.00
शाम - 3.00- 6.00