सुल्तानपुर। बल्दीराय के पूरे चौकीदार मजरे खनोहा गांव में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठियां भी चलीं, जिसमें मां-बेटी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पूरे चौकीदार मजरे खनोहा निवासी असगर खान का आरोप है कि उनके पड़ोस के सेबू शनिवार रात एक बजे नशे की हालत में अपने घर की छत से गालियां दे रहे थे। असगर ने उनके घर जाकर मना किया तो सेबू, उनके पिता अनीश, सुबराती, शफीक, अंसार, सिरताज, शाहेबा, नरगिस, मुस्सुर, शहजाद, इजहार, मैसरूल, वददुन व सितारा ने लाठी से हमला कर दिया।
असगर को बचाने के लिए उनके भाई फिरोज खान, जावेद खान पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंची असगर की बहन साजिदा बानो, मां सकीरूल निशा को भी विपक्षियों ने लाठी से मारा-पीटा। विपक्षियों के हमले में फिरोज, सकीरूल निशा व बहन साजिदा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है। बल्दीराय थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।