तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन करते उप्र संयुक्त सहकारी समिति संघ के कर्मचारी।
सुल्तानपुर। विभिन्न मांगों पर बुधवार को उप्र संयुक्त सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि नियमित वेतन भुगतान की व्यवस्था की जाए, अन्यथा सदस्यता अभियान का बहिष्कार किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष केदारनाथ तिवारी ने कहा कि समिति के कर्मचारियों को नियमित वेतन भुगतान की व्यवस्था होनी चाहिए। मंडल मंत्री जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। एक अक्तूबर को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। छह अक्तूबर से समितियों में पूर्ण तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन के बाद संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने एआर कोऑपरेटिव अंजनी कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया। एआर कोऑपरेटिव ने कहा कि शासन से जो निर्देश मिलेगा, उसका पालन कराया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सत्यदेव द्विवेदी, जिलामंत्री रमाकांत तिवारी, चंद्रभान शर्मा व अन्य लोग मौजूद रहे।