कुड़वार में फॉर्मों का सत्यापन करते बीएलओ। संवाद
सुल्तानपुर। एसआईआर के बाद करीब एक लाख मतदाताओं के घटने के आसार बन रहे हैं। सर्वे शुरू होने के पहले भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी मतदाता सूची और एसआईआर के बाद जारी अनंतिम मतदाता सूची में 3,16,947 मतदाताओं का अंतर बना है। अनंतिम मतदाता सूची के बाद चलाए गए पुनरीक्षण अभियान में नए मतदाताओं को शामिल करने की चली प्रक्रिया लंबे अंतर को पूरा नहीं कर पा रही है।
पुनरीक्षण में करीब एक लाख छह हजार नए फॉर्म मतदाता बनने के लिए आए हैं। एसआईआर के बाद 3.71 लाख मतदाताओं को विभिन्न खामियों में नोटिस जारी किए गए हैं। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार तक करीब 58 हजार नोटिस का निस्तारण हुआ था। नोटिस में करीब डेढ़ लाख स्थानांतरित मतदाता हैं। स्थानांतरित, निस्तारित नोटिस व नए फॉर्मों को मिलाने के बाद भी एक लाख मतदाताओं का अंतर पुरानी व नई सूची में आसार बनते जा रहे हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव शुक्ल ने कहा कि अभी नोटिस के सुनवाई व निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। इस पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। सही निर्वाचक नामावली बनाई जाएगी।