गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। उघड़पुर चौराहे पर शनिवार की रात मोबाइल शाप में सेंध लगाकर चोरी कर रहे एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। जबकि तीन अन्य चोर 25 सेट मोबाइल व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पीड़ित व्यवसाई की तहरीर पर केस दर्ज किया है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के उघड़पुर चौराहे के पास संतोष कुमार पुत्र राम बरन की मोबाइल सेंटर है। शनिवार की रात मोबाइल सेंटर के बगल में ही संतोष का छोटा भाई छोटू सो रहा था। देर रात खटपट की आवाज होने पर छोटू जाग गया और छिपते हुए पीछे पहुंचा तो कई लोग दुकान में सेंध लगा चुके थे। इसकी सूचना छोटू ने घर वालों के साथ ही उघड़पुर चौराहे के पास रहने वाले लोगों को फोन से दे दिया। लोगों को देखकर तीन युवक मौके से फरार हो गए। जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने इनवर्टर व बैटरी के साथ दबोच लिया।
पकड़े गए युवक की पिटाई के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद शिबू निवासी हनुमानगंज थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। व्यवसाई संतोष ने बताया कि उनके दुकान से 25 सेट मोबाइल और पांच हजार रुपये भी गायब है। एसओ हरी राम यादव ने बताया कि पुलिस ने व्यवसायी की तहरीर पर केस दर्ज कर मोहम्मद शिबू को गिरफ्तार कर लिया है।