भदैंया। देहात कोतवाली के ओदरा गांव मे मंगलवार की देर रात तीन लोगों ने घर में घुसकर मोबाइल फोन व नकदी सहित करीब 50 हजार के सामान पर हाथ कर दिया। गृहस्वामी के जाग जाने पर चोर भाग निकले। पीड़ित ने एक व्यक्ति को पहचान लेने का दावा किया है।
देहात कोतवाली के प्रयागराज अयोध्या हाईवे किनारे स्थित ओदरा गांव निवासी इसरार अहमद के मकान में मंगलवार की देर रात चोर घुस गए। चोर मकान खंगाल रहे थे, तभी इसरार की नींद खुल गई।
इस बीच चोर एंड्रॉयड मोबाइल, एलसीडी तथा कमरे मे रखी करीब दस हजार नगदी लेकर भाग निकले। इसरार का दावा है कि चोरों की संख्या तीन थी।
उन्होंने एक व्यक्ति को पहचान लिया है। बुधवार की सुबह इसरार ने कोतवाली देहात मे नामजद तहरीर देकर कारवाई की मांग की है। इस बाबत कोतवाल देहात प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।