सब्जी मंडी में मुख्य मार्ग के किनारे लगा यूनिपोल। -संवाद
सुल्तानपुर। शहर में अयोध्या-प्रयागराज और लखनऊ-बलिया राजमार्ग के किनारे होर्डिंग्स और यूनीपोल लगाने में नियमों की अनदेखी हो रही है। मुख्य मार्गों के करीब प्रचार सामग्री की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इनके आकार, संख्या और सुरक्षा मानकों की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नगर पालिका के कर विभाग के पास शहर में लगे होर्डिंग्स और यूनीपोल का स्पष्ट आंकड़ा भी नहीं है।
शहर में विज्ञापन के लिए होर्डिंग्स और यूनीपोल लगाने का काम अनुबंधित फर्म के माध्यम से कराया जा रहा है। विज्ञापन कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, फर्म ही प्रचार सामग्री लगाने के लिए स्थान, आकार और दर तय करती है। विज्ञापन लगवाने वालों को अग्रिम भुगतान करना पड़ता है। इसके बावजूद निर्धारित दरों और स्वीकृत आकार की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में विज्ञापन शुल्क की निगरानी और राजस्व वसूली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर अमहट चौराहे से गोलाघाट के पार तक कई जगह सड़क किनारे होर्डिंग्स और यूनीपोल लगे हैं। इसी तरह अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर पयागीपुर चौराहे से गोलाघाट तक प्रचार सामग्री दिखाई देती है। इनकी बढ़ती संख्या के बीच नियमों के पालन और सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी हो गई है।
नगर पालिका के कर विभाग के राजस्व निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि विज्ञापन के लिए एक फर्म से एक वर्ष का अनुबंध किया गया है। अनुबंध की अवधि पूरी होने तक होर्डिंग्स और यूनीपोल लगवाने व हटवाने की जिम्मेदारी संबंधित फर्म की है।
सर्वे कराकर होगी कार्रवाई
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि मानकों के विपरीत लगी होर्डिंग्स का सर्वे कराया जाएगा। जांच में खामियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।