पार्वती माता पूजा समिति में पांच कैलाश का स्वरूप देते कारीगर। संवाद
सुल्तानपुर। दुर्गापूजा महोत्सव में मां पार्वती पूजा समिति का पंडाल इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा। समिति की ओर से पंडाल को ‘पंच कैलाश’ की थीम पर तैयार कराया जा रहा है। इसमें एक ही स्थान पर पांच पवित्र कैलाश पर्वतों के स्वरूप के दर्शन होंगे। पंडाल को भव्य रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हैं।
समिति के व्यवस्थापक दयाशंकर शेरु ने बताया कि पंडाल में तिब्बत स्थित कैलाश मानसरोवर, उत्तराखंड के आदि कैलाश, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर कैलाश, श्रीखंड महादेव कैलाश और जम्मू-कश्मीर के मणिमहेश कैलाश की प्रतिकृतियां तैयार की जा रही हैं। बर्फीली चोटियों की सजावट के साथ लाइट और साउंड का संयोजन किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को कैलाश पर्वत की आध्यात्मिक अनुभूति कराने का प्रयास होगा।
अध्यक्ष सत्यनारायण कुल्लू ने बताया कि समिति हर वर्ष धार्मिक आस्था से जुड़ी अलग थीम के माध्यम से श्रद्धालुओं को नया अनुभव देने का प्रयास करती है। इस बार पंच कैलाश को केंद्र में रखकर आयोजन की तैयारी की गई है। इसका उद्देश्य सनातन परंपरा में कैलाश के धार्मिक महत्व से लोगों को परिचित कराना है।
आयोजन के लिए नई कार्यकारिणी गठित की गई है। सत्यनारायण कुल्लू अध्यक्ष, मुकेश मिश्र महामंत्री और सत्यम कसौधन कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। अवधेश गुप्ता व प्रतीक गुप्ता उपाध्यक्ष होंगे। अंश कौशल, पंकज सोनी, अभ्यांशु कौशल, सुमित अग्रहरि, भोलानाथ सोनी, कमल कौशल और शुभम कसौधन को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। तैयारियों में डॉ. मनोज, डॉ. नमन कसौधन, संदीप अग्रहरि, अमित अग्रहरि, अभिनव मिश्र, हर्षित अग्रहरि समेत अन्य कार्यकर्ता जुटे हैं।