रायबरेली। एक तरफ तपिश भरे माहौल में ट्रेनों से सफर करना मुश्किल है, दूसरी तरफ लेटलतीफी इस कदर है कि कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों को गर्म हवाओं के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दिल्ली से वाराणसी जाने वाली स्पेशल ट्रेन साढ़े आठ घंटे देरी से पहुंची, जबकि फिरोजपुर कैंट से पटना जाने वाली स्पेशल ट्रेन सवा दो घंटे देर से आई।
नियमित ट्रेनों में लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने पांच घंटे इंतजार कराया। इसी तरह चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने दो घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल डेढ़ घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल पौन घंटे, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस, सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। गोरखपुर-प्रयागराज वंदेभारत 20 मिनट देर से आई, वहीं प्रयागराज-गोरखपुर वंदेभारत समय से पहले पहुंच गई तो देर तक रोकना पड़ा। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से ही लेट होने के कारण देर से आई हैं।