. किसान सहकारी चीनी मिल में आई खराबी को दूर करने में जुटे कर्मी। स्रोत-सोशल मीडिया
द्वारिकागंज। किसान सहकारी चीनी मिल में बुधवार को गन्ने की पेराई शुरू होने के 30 मिनट बाद ही टरबाइन की वेयरिंग टूटने से पूरा सिस्टम ठप पड़ गया। मिल बंद होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। हजारों क्विंटल गन्ना मिल यार्ड में डंप पड़ा है। देर शाम तक पेराई नहीं शुरू हो सकी।
चीनी मिल में टरबाइन की वेयरिंग टूटने की जानकारी पर चीफ इंजीनियर विवेक यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने चीनी मिल के जीएम राजेंद्र प्रसाद को टरबाइन में आई खराबी की जानकारी दी। इंजीनियरिंग विभाग टरबाइन खोलने की कयावद में जुटा रहा। जीएम ने बाहर से इंजीनियर को बुलाया है। इधर, यार्ड में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गई हैं। किसानों का कहना है कि पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद मशीनरी दुरुस्त नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। मिल फिर से चालू होने में कितना समय लगेगा, इस पर मिल प्रशासन कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है।
किसानों ने मिल प्रबंधन पर लगाया आरोप
चीनी मिल पर गन्ना लेकर आए किसानों ने मिल प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं। कसमऊ के गन्ना किसान बालमुकुंद तिवारी ने कहा कि पेराई के पहले दिन ही चीनी मिल ठप होना बड़ी लापरवाही है। प्रतापपुर गांव निवासी किसान अनुराग सिंह ने कहा कि सुबह से चीनी मिल में गन्ना लेकर आए हैं। मिल की खराबी से गन्ने की तौल नहीं हो पाई। किसान मोहित वर्मा ने बताया कि मिल प्रशासन चीनी मिल को लेकर उदासीन बना हुआ है।
टरबाइन ठीक होते ही शुरू होगी पेराई
चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि चीनी मिल टरबाइन की एक नंबर वेयरिंग टूट गई है। प्रयागराज से इंजीनियर को बुलाया गया है। टरबाइन ठीक होते ही मिल में गन्ने की पेराई शुरू करा दी जाएगी।