सुल्तानपुर। सूर्य के मीन राशि में प्रवेश के साथ शनिवार से खरमास शुरू हो जाएगा। इसके चलते एक माह तक शहनाइयों की गूंज बंद रहेगी। इस अवधि में शादी-विवाह और गृह प्रवेश जैसे शुभ कार्य नहीं किए जाएंगे। 14 अप्रैल के बाद फिर से शादी-विवाह की धूम शुरू हो जाएगी।
शहर के शाहगंज चौराहा स्थित काली माता मंदिर के पुजारी पं. दीपक तिवारी ने बताया कि सूर्य शनिवार भोर 4:00 बजे मीन राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास शुरू हो जाएगा, जो 14 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य बड़े मांगलिक कार्य नहीं होंगे। बताया कि 19 से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्र का पर्व मनाया जाएगा। नवरात्र में देवी पूजा, यज्ञोपवीत संस्कार, मुंडन, अन्नप्राशन और दुकान उद्घाटन जैसे कार्य किए जा सकते हैं। हालांकि, इस बीच विवाह के मुहूर्त नहीं बनेंगे।
15 अप्रैल से फिर मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। करीब तीन माह अप्रैल, मई और जून में वैवाहिक आयोजनों की धूम रहेगी। इसके बाद 25 जुलाई से देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास शुरू होगा, जोकि 20 नवंबर तक रहेगा। इस अवधि में भी चार माह से अधिक समय तक विवाह और अन्य बड़े मांगलिक कार्यों पर विराम रहेगा। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में शादियां होंगी।