नमक शॉर्ट होने की शुक्रवार शाम शुरू हुई अफवाह कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे दिन भी कायम रही। जिससे कि शनिवार को बल्दीराय समेत कुछ अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में नमक 40 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिका। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। पूरे जिले में पुलिस व प्रशासन स्थिति पर नजर रखे है। प्रशासन ने फिर स्पष्ट किया है कि नमक की कोई कमी नहीं है।
शुक्रवार शाम शुरू हुई नमक शॉर्ट होने की अफवाह शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र के कस्बों में भी देर रात तक उड़ती रही। शहर में 100 से दो सौ रुपये प्रति किलो तक नमक बिका। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के कादीपुर, दोस्तपुर, मोतिगरपुर, बरौंसा समेत कई कस्बों में देर रात तक नमक को लेकर लूट मची रही। शनिवार को भी कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में ये अफवाह उड़ती रही।
बल्दीराय के तिरहुंत, डेहरियावां, हलियापुर, पारा समेत कई कस्बों में दूसरे दिन भी नमक की लूट मची रही। सुबह से ही नमक खरीदने वालों की कतार दुकानों पर लग गई। अफवाह का फायदा उठाकर दुकानदारों ने शनिवार को भी 40 से 60 रुपये प्रति किलो रेट से नमक बेचा। इससे कई दुकानदारों का नमक का स्टॉक खत्म हो गया।
हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। दोपहर से पुलिस कस्बों में गश्त करने लगी। पुलिस-प्रशासन ने नमक की कमी नहीं होने का संदेश दिया। एडीएम प्रशासन शेषनाथ ने कहा कि नमक की कमी नहीं है। नमक की कमी की अफवाह फैलाई गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।