सुल्तानपुर। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि के मामले में बृहस्पतिवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी पक्ष की शेष बहस की कार्यवाही पूरी नहीं हो सकी। स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने राहुल गांधी पक्ष की शेष बहस के लिए नौ अक्तूबर की तारीख तय की है।
कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्र ने 2018 में राहुल गांधी के जरिये गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी से नाराज होकर मानहानि का परिवाद दायर किया है। इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में लंबित चल रही है। परिवादी पक्ष की बहस अब पूरी हो चुकी है। बचाव पक्ष की बहस होनी शेष है। (संवाद)