कुड़वार। एक गांव से शुक्रवार शाम अपहृत किशोरी (15) को पुलिस ने महज ढाई घंटे में खोज निकाला। इस मामले में एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ की जा रही है।
एक गांव में शाम सात बजे किशोरी के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। कुड़वार थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल ने बताया कि किशोरी की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की। तत्काल कार्रवाई से टीम को करीब ढाई घंटे में किशोरी सकुशल मिल गई। उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी का बयान दर्ज होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किशोरी की तलाश करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वासुदेव यादव, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, उपनिरीक्षक नवरंग सोनकर शामिल रहे।
सकुशल मिला लापता बालक, परिजनों को सौंपा
सुल्तानपुर। कूरेभार के पदुमरा गांव से शुक्रवार शाम संदीप (09) के लापता होने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक संदीप गोसाईगंज के धूंधूं निवासी बहोरे का पुत्र है। संदीप अपने नाना मल्हू के साथ पदुमरा गांव में रह रहा था। एसपी के निर्देश पर दो टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल में पता चला कि संदीप अपने बाबा अवधेश के साथ कामतागंज बाजार स्थित बभनगवां गांव में एक ईंट भट्ठे पर गया है। वहां से वह पुलिस को सकुशल मिल गया। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि टीम में कूरेभार थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी, उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा शामिल रहे। (संवाद)