सुल्तानपुर। सेवानिवृत्त रोडवेजकर्मी की हत्या के आरोपी ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर सोमवार को सीजेएम कोर्ट में समर्पण कर दिया। प्रभारी सीजेएम-एसीजेएम चतुर्थ पोमेला श्रीवास्तव ने आरोपी को सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।
गोसाईगंज थाने के नरायनपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त रोडवेजकर्मी सुरेंद्र प्रताप पांडेय की बीते 17 नवंबर को सुदनापुर बाजार के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र अभिषेक पांडेय ने गांव के ही कैलाश नाथ मिश्र, अंकित मिश्र, बद्री प्रसाद मिश्र, आदित्य मिश्र उर्फ मनू और तीन-चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। अभिषेक पांडेय ने आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में उनके पिता की आरोपियोें ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बीते दिनों आरोपी कैलाशनाथ मिश्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्या में नामजद चौथा आरोपी अंकित मिश्र फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। सोमवार को आरोपी अंकित मिश्र के कोर्ट में समर्पण करने की जानकारी पाकर पुलिस दीवानी न्यायालय में सक्रिय हो गई। दीवानी न्यायालय के मुख्य गेट से लेकर सीजेएम कोर्ट के आसपास तक सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की घेराबंदी कड़ी हो गई। इसी दौरान पुलिस की घेराबंदी को तोड़कर आरोपी ने सीजेएम कोर्ट में समर्पण कर दिया।
जिला जज के पास पहुंचा मामला
कोर्ट परिसर में आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस के मौजूद रहने की शिकायत बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने जिला जज लक्ष्मीकांत शुक्ल से की। वकील का आरोप है कि कोर्ट परिसर से आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस सुबह से प्रयास करती रही। उन्होंने पुलिस पर ज्यूडीशियल सिस्टम में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए जिला जज से कार्रवाई की मांग की। वकील ने बताया कि जिला जज ने संबंधित न्यायिक अधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।