सुल्तानपुर। गोलाघाट-टेढ़ुई मार्ग पर पौने तीन किलोमीटर का सफर जल्द आसान होगा। दो साल से दो लेन सड़क को चार लेन में तब्दील करने का चल रहा काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। इससे मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सड़क के दोनों तरफ चार लेन पर पक्की सड़क बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब तारकोल और गिट्टी के अंतिम लेपन (अंतिम कोड) का काम शेष है। साथ ही बीच में डिवाइडर बनाने और कुछ स्थानों पर पानी निकासी की व्यवस्था का काम भी कराया जाना है। निर्माण के दौरान मार्ग पर आवागमन जारी रखा गया है।
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों के मुताबिक बरसात नहीं होने पर जल्द ही अंतिम लेपन का काम पूरा करा दिया जाएगा। इसके बाद डिवाइडर समेत अन्य बचे कार्य आवागमन के बीच जारी रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे यातायात प्रभावित नहीं होगा। मार्ग के चौड़ीकरण से पौने तीन किलोमीटर क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
शासन ने जाम की समस्या को देखते हुए करीब दो साल पहले इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 62 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। वर्तमान में निर्माण पर करीब 63 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
फर्म को जल्द काम पूरा करने के निर्देश
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह आर्या ने बताया कि निर्माण अंतिम चरण में है। आवागमन में परेशानी न हो, इसलिए अधिकतर काम रात में कराया जा रहा है। कार्यदायी फर्म को जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।