लंभुआ। पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसरामपुर के शिक्षण कक्ष की छत का प्लास्टर गिरने का नए उपजिलाधिकारी/जॉइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल ने संज्ञान लिया है। बृहस्पतिवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यालय पहुंच कर नए कक्ष में बच्चों को बैठाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में जमा पानी को भी निकालने को कहा। महज डेढ़ घंटे बाद ही ईओ ने भी विद्यालय पहुंच कर कायाकल्प योजना शुरू करने के निर्देश दिए।
पिछले मंगलवार को विद्यालय के एक कक्ष की छत का प्लास्टर टूटकर गिरा था। अमर उजाला ने बुधवार को यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद बीईओ ने मरम्मत योग्य तीन कक्षों में ताले लगवा दिए। प्रधानाध्यापक चंद्रावती यादव ने जॉइंट मजिस्ट्रेट को बताया कि मौसम खराब होने व प्लास्टर टूटने की घटना के बाद बच्चों की आमद कम हुई है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल ने बच्चों को कमजोर कक्षों में नहीं बैठाने के निर्देश दिए। बताया कि बच्चे अब नए कक्षों में बैठेंगे। जॉइंट मजिस्ट्रेट के दौरे के डेढ़ घंटे बाद अधिशासी अधिकारी कीर्ति सिंह विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने परिसर में जमा पानी निकालने और अन्य जरूरी कार्य भी शुरू करने को कहा गया।