गाजीपुर में आयोजित प्रदेशीय सब जूनियर बालिका वालीबाल प्रतियोगिता में पंत स्टेडियम टीम की खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टीम ने उप विजेता का स्थान हासिल किया। जनपद आगमन पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
गाजीपुर में 26 से 29 अक्तूबर तक प्रदेशीय सब जूनियर वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ जिसमें पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम की 12 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच जिले की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। पूल मैच में मिर्जापुर के साथ 25-12, 25-04 से विजयी हुई।
क्वार्टर फाइनल मैच सुल्तानपुर व लखनऊ के बीच खेला गया। इसमें भी सुलतानपुर की टीम ने जीत दर्ज की। जिले की टीम ने मंडलीय प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान दर्ज कराया। जनपद आगमन पर जिला वॉलीबाल संघ की ओर से खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
संघ के अध्यक्ष चंद्रभद्र सिंह, गंगा शरण मिश्र, पंकज दुबे, प्रदीप सिंह, राम शिरोमणि वर्मा आदि ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिला क्रीड़ा अधिकारी भानु प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता में नेहा, जान्सी, निधि, श्रेया, रोली, संजना, साक्षी, शिवानी, शकुंतला, रानी, आरती, प्रिया आदि शामिल रहीं।