सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद ग्राम पंचायतों के गठन व ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। बुधवार को अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पंचायतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पंचायतों के निर्वाचन संबंधी ग्राम पंचायतवार जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण को देखते हुए ग्राम पंचायतों के गठन व प्रधानों के शपथ की कार्यवाही ठंडी पड़ गई थी। बुधवार को अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ग्राम पंचायतों के गठन व प्रधानों के शपथ के संबंध में जानकारी ली। डीएम ने पंचायतों के निर्वाचन के संबंध में जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव ने ग्राम पंचायत सदस्यों का ग्राम पंचायतवार ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में सदस्यों की संख्या गाइडलाइन के मुताबिक पूरी नहीं होगी वहां गठन संभव नहीं हो सकेगा। उन्होंने शपथ व पंचायत गठन के संबंध में पूरा विवरण ग्राम पंचायतवार एकत्र करने का निर्देश दिया। कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में सदस्यों की संख्या पूरी हो वहां पंचायतों के गठन की तैयारी की जाय। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने जल्द ही आंकड़ा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। अपर मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद पंचायतों के गठन व प्रधानों के शपथ ग्रहण की सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
डीपीआरओ ने एडीओ पंचायतों से मांगी सूचना
ग्राम पंचायतों के गठन की जल्द संभावना को देखते हुए जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने एडीओ पंचायतों से ग्राम पंचायतवार निर्वाचित सदस्यों का विवरण मांगा है। विवरण अभी तक उपलब्ध नहीं कराए जाने पर डीपीआरओ ने एडीओ पंचायतों को रिमाइंडर जारी किया है। उन्होंने पंचायतों के गठन की संभावना को देखते हुए ग्राम पंचायतवार निर्वाचित पंचायत सदस्यों व रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।