दोस्तपुर। दोस्तपुर-चांदा जिला मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का वर्ष 2017 में 33.31 करोड़ रुपये का टेंडर लेने वाली मेसर्स गांधी बीएस गांधी एंड संस लखनऊ 25 फीसदी काम अधूरा छोड़कर भाग गई। कई बार पत्र लिखने के बाद भी फर्म ने कार्य नहीं शुरू करवाया। अब मौजूदा अधिशासी अभियंता व क्षेत्रीय विधायक की चिट्ठी पर मामला गरमा गया है।
डीएम कुमार हर्ष ने प्रकरण का हवाला देते हुए प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को 19 मार्च को पत्र लिखा है। पत्र में डीएम ने अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग की है। कहा है कि फर्म ने बिना कार्य पूरा किए ही वर्ष 2020 में काम बंद कर दिया और तत्कालीन अधिशासी अभियंता ने विश्वकर्मा पोर्टल पर इस कार्य को पूरा दिखा दिया। करीब 22 किमी सड़क के एक चौथाई हिस्से का कार्य नहीं कराया गया है।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार के पत्र पर आरोपी फर्म ने एक दूसरी फर्म से कार्य कराने को कहा था। एक्सईएन ने अधीक्षण अभियंता को दिसंबर 2025 में पत्र दिया था। एसई ने स्वीकृति नहीं दी। क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम ने भी शिकायत की है। डीएम ने प्रमुख सचिव से अधूरे कार्य को अपने स्तर से पूरा कराने की मांग की है। प्रकरण में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर उन्हें पूरा विवरण उपलब्ध करा दिया गया था।
इनसेट
खास बिंदु
सड़क की लंबाई- 22.300 किमी
स्वीकृति वर्ष- 2017
मंजूर धनराशि- 40.44 करोड़
टेंडर की राशि- 33.31 करोड़