सुल्तानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की मेहनत से जिले ने प्रदेश में मुकाम हासिल किया है। प्रेरणा पोर्टल पर 99.92 फीसदी छात्रों का सत्यापन पूरा कर जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि शिक्षकों के लगातार प्रयास और मॉनिटरिंग का नतीजा मानी जा रही है।
जिले में कुल 1,45,348 छात्रों के सापेक्ष 1,41,954 का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। 3,280 छात्रों का डाटा न मिलने पर पोर्टल से हटाया गया है। अब सिर्फ 114 छात्रों का सत्यापन शेष हैं, जिससे कुल प्रगति 99.92 प्रतिशत तक पहुंच गई है। शेष छात्रों का सत्यापन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश स्तर पर लखीमपुर खीरी 99.83 प्रतिशत के साथ दूसरे और ललितपुर 99.71 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन पूरा होने से छात्रों को छात्रवृत्ति, ड्रेस, मिड-डे मील जैसी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
कुछ तकनीकी दिक्कतें आती हैं, लेकिन शिक्षकों की मेहनत से जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। अब हमारा लक्ष्य नए नामांकन में तेजी लाने पर होगा।- उपेंद्र गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी
सत्यापन में ये आती हैं दिक्कतें
-कमजोर इंटरनेट से डाटा अपलोड में परेशानी
-आधार व बैंक डिटेल का मिलान न होना
-दस्तावेजों की कमी से प्रक्रिया अटकना
पोर्टल पर सत्यापन क्यों जरूरी
-योजनाओं का लाभ देने से पहले अनिवार्य
-छात्रवृत्ति, ड्रेस व मिड-डे मील के लिए जरूरी
-सही डाटा से पारदर्शिता और समय पर लाभ सुनिश्चित