सुल्तानपुर। लंबे समय से खस्ताहाल दरियापुर-पंचरास्ता मार्ग पर अब जल्द ही सुधार कार्य शुरू होगा। नगर पालिका को इस सड़क के लेपन के लिए शासन से 47.07 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। बजट मिलने के बाद अब इस मार्ग के दुरुस्तीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन करीब दो हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं। साथ ही सड़क किनारे कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी संचालित हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन जाम, धूल और दुर्घटना जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। सड़क के लेपन के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क ठीक होने से समय की बचत होगी और वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि इस मार्ग के सुधार का प्रस्ताव पिछले वर्ष ही शासन को भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। वहीं, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने कहा कि विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।