चांदा के राम लाल का पूरा रेलवे क्रॉसिंग के बीच में रेल ट्रैक के बीच से गिट्टियां हटाते मजदूर। स
चांदा। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड के राम लाल का पूरा रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार साढ़े 11 घंटे का मेगा ब्लॉक लेने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 8:30 बजे से रात 8 बजे तक क्रॉसिंग पूरी तरह बंद रही। इस सड़क से आवागमन करने वालों को छह किमी तक अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ा। इस बीच ट्रेनों को डाउन लाइन से रवाना किया गया। मेगा ब्लॉक रविवार को भी लागू रहेगा।
रेलवे ने रेल ट्रैक की मरम्मत के लिए शनिवार को ब्लॉक लिया था। राम लाल का पूरा क्रॉसिंग बंद होने से चांदा बाजार, अस्पताल और आसपास के गांवों में जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों को फोरलेन से होकर जाना पड़ा जबकि, लंभुआ की तरफ से आने वालों को कोथरा और नरहरपुर के रास्ते घूमना पड़ा।
सहालग होने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गईं। टेंट, सजावट और सामान ले जा रहे बड़े वाहन छोटे रास्तों पर फंसते रहे। कई लोग शादी और पूजा कार्यक्रम में देर से पहुंचे। मरीजों को अस्पताल ले जाने वालों को भी लंबा चक्कर लगाना पड़ा। कोथराकला के अजय गोस्वामी ने बताया कि पत्नी को सीएचसी ले जाते समय क्रॉसिंग बंद मिली, जिससे उन्हें घूमकर जाना पड़ा। सुंदरम यादव ने बताया कि दर्शन के लिए निकलते समय उन्हें छह किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। टेंट कारोबारी लक्की सरोज ने बताया कि कार से चांदा जाना था। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से उन्हें नरहरपुर बाईपास के रास्ते से छह किमी की अधिक दूरी तय करनी पड़ी। रेल अधिकारियों ने क्रॉसिंग बंद करने की सूचना पहले से सार्वजनिक नहीं की थी। इधर, दिनभर ग्रामीण सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ा रहा। धूल और जाम जैसी स्थिति से लोग परेशान रहे।
अप लाइन पटरी की मरम्मत की गई
सीनियर सेक्शन इंजीनियर लहरू बड़ाईक ने बताया कि प्रशासन से अनुमति लेकर काम किया गया। अप लाइन की पटरी की मरम्मत की गई। ट्रैक को ठीक कर ट्रेनों को सुरक्षित चलाने की तैयारी की गई। इस दौरान ट्रेनों को डाउन लाइन से सावधानी के साथ चलाया गया।
बाजार और मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित
क्रॉसिंग बंद होने से चांदा बाजार में ग्राहकों की संख्या कम रही। कई दुकानदारों ने बताया कि दिनभर बिक्री प्रभावित हुई। अस्पताल जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी लंबा रास्ता तय करना पड़ा। एंबुलेंस और निजी वाहन संकरी सड़कों से धीरे-धीरे निकलते दिखे।