सुल्तानपुर। सर्दी में बुजुर्गों के साथ युवा भी जोड़ों के दर्द की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व आर्थों विभाग की ओपीडी में इस समय 250 से 300 मरीज आ रहे हैं। 55 से 60 साल की उम्र वालों के अलावा 25 से 30 साल के युवा वर्ग भी इस मर्ज से पीड़ित हैं।
मौसम बदल रहा है, ऐसे में बुजुर्गों को तो जोड़ों के दर्द का सामना करना ही पड़ रहा है। अब यह समस्या युवा वर्ग में देखने को मिल रही है। 35 और 30 वर्ष से कम उम्र के युवकों को भी जोड़ों और हड्डियों में दर्द से काफी परेशान हैं। चिकित्सक सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के आर्थो सर्जन डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी, वैसे ही लोगों में जोड़ों के दर्द की परेशानियां और अधिक बढ़ेंगी। कमर, शरीर के जोड़ों के अलावा हड्डियों में दर्द, घुटनों में सूजन, मांसपेशियों में दर्द, पुरानी चोट का दर्द उभरने की परेशानी वाले मरीजों की संख्या भी अधिक हो गई है।
उन्होंने बताया कि कई बार पीड़ा अधिक होने पर मरीज दर्द निवारक दवाएं लेने लगते हैं। दवा का असर रहने तक आराम मिलता है। इनके साइड इफेक्ट का खतरा रहता है। स्वयं दवा न लेकर चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है।
बरतें ये सावधानियां
लंबे समय तक एक ही अवस्था में न बैठें।
गुनगुने पानी से नहाएं।
ठंड के मौसम में धूप सेकें, इससे विटामिन डी प्राप्त होगी।
ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें, ताजा और गर्म भोजन करें।
चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं।
गर्म कपड़े पहनें।
घर के अंदर हल्के व्यायाम योगाभ्यास करें।
पौष्टिक आहार लें।