सुल्तानपुर। बल्दीराय के हलियापुर आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरण के लिए मई में पहुंचे पुष्टाहार को सीडीपीओ कार्यालय का लिपिक दो माह तक स्टोर में दबाए रखा। इस बीच चने की दाल खराब होते देखकर उसे केंद्र पर वितरण के लिए भेज दिया। इधर, डीपीओ ने आरोपी लिपिक आलोक सिंह पर कार्रवाई के लिए निदेशालय को पत्र लिखा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने जांच के लिए बृहस्पतिवार को सीडीपीओ बल्दीराय (बाल विकास परियोजना अधिकारी) अजीत कुमार को भेजा था। सीडीपीओ की जांच में मिला कि नैफेड ने पुष्टाहार सात मई को उपलब्ध करा दिया था।
आरोपी लिपिक आलोक सिंह ने वितरण मई में कराने के बजाय जुलाई में कराया। दो माह में चने की दाल खराब हो गई। दाल पैकेट में सड़ी दिखने पर केंद्र की आंगनबाड़ी कल्लन ने आपत्ति दर्ज कराई थी। जांच के बाद लिपिक आलोक सिंह को आरोपी ठहराते हुए सीडीपीओ ने अपनी रिपोर्ट भेज दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट पर आरोपी लिपिक पर कार्रवाई के लिए निदेशालय को पत्र भेजा जा रहा है। सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुष्टाहार देखकर प्राप्त करनेे के निर्देश दिए गए हैं।